छाए रहेंगे बादल, होगी हल्की बारिश, शाम तक गुजरात से टकराएगा तूफान
उज्जैन। अरब सागर से उठे ताऊ ते चक्रवात का असर आज शहर में उसकी दिशा पर निर्भर रहेगा। रविवार को चक्रवात का बड़ा हिस्सा शहर से राजस्थान की ओर गुजरा था, आज शाम चक्रवात गुजरात से टकराएगा। जिसके चलते शहर में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है।
शिवाजी राव वेधशाला अधीक्षक राजेंद्र कुमार गुप्त ने बताया कि ताऊ ते चक्रवात का असर आज शाम तक एक बार फिर शहर में दिखाई दे सकता है। लेकिन अब चक्रवात की दिशा पर निर्भर रहेगा कि शहर में किस तरह की स्थिति बनती है। अरब सागर से उठने वाले चक्रवात की दिशा अप्रत्याशित होती है और वह कभी भी अपनी दिशा को बदल देता है। वैसे आज शहर में बादल छाए रह सकते हैं और अधिकतम तापमान में भी कमी आ सकती है। बीती रात न्यूनतम तापमान में 5.5 डिग्री की गिरावट आई है। शनिवार रविवार न्यूनतम तापमान 29.5 डिग्री दर्ज हुआ था जो रविवार सोमवार रात 24 डिग्री दर्ज किया गया है। रविवार को अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री रहा था। चक्रवात जी वजह से रविवार सुबह हवा 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रही थी जो शाम को 14 किलोमीटर प्रति घंटा हो गई थी। रविवार को शहर में दिखाई दिए चक्रवात का एक बड़ा हिस्सा शहर से होता हुआ राजस्थान की ओर जा चुका है। आज शाम गुजरात से टकराने के बाद चक्रवात का असर एक बार फिर शहर की और हो सकता है। वर्तमान में पश्चिम-दक्षिण और हवा चल रही है जिससे चक्रवात की नमी का असर शहर में बना हुआ है।
तेज हवा के साथ हुई थी बारिश
रविवार को तेज धूप के बाद अचानक दोपहर में मौसम ने करवट बदल ली थी और तेज हवा चलने लगी शाम ढलते ही तेज बारिश शुरू हो गई थी जो करीब 1 घंटे तक हुई उसके बाद हल्की बूंदाबांदी का दौर शुरू हो गया। इस बीच जीवाजीराव वेधशाला 18 मिलीमीटर वर्षा होना दर्ज किया गया। अचानक हुई बारिश से शहर में कुछ स्थानों पर पानी भर गया था जिसकी वजह टाटा कंपनी द्वारा की जा रही खुदाई से सड़कों पर फिसलन बनी हुई थी। निचली बस्तियों में नालियों का पानी गलियों में भरने लगा था।

कल तक रहेगा चक्रवात का असर
मौसम विभाग की माने तो अरब सागर के उठे चक्रवात का असर मंगलवार तक देखा जा सकता है। जैसे-जैसे चक्रवात आगे बढ़ रहा है उसका प्रभाव अधिक होता जा रहा है जिसके चलते आसमान में बादल छा रहे हैं और कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो रही है। तेज हवा से धूल मिट्टी के साथ कचरा उड़ता देखा जा सकता है। वैसे शहर में चक्रवात की स्थिति आज शाम को पूरी तरह से एकदम साफ हो जाएगी।