लखनऊ। उत्तर प्रदेश के इटावा से एक ऐसा मामला सामने आया है जहां धूमधाम से चल रहे एक शादी समारोह में उस समय कोहराम मच गया जब दुल्हन की मौत हो गई। रस्में पूरी होने वाली थी कि अचानक सात फेरों से पहले दुल्हन की ह्रदय गति रुक जाने से मौत हो गई।
दरअसल, यह मामला इटावा के भरथना क्षेत्र का है, यहां समसपुर में हो रही शादी में यह घटना घटी है। दुल्हन पक्ष के महेश चंद ने बताया कि उसकी बहन सुरभि का विवाह मंजेश ग्राम नावली चितभवन के साथ धूमधाम से हो रहा था। बारात के आने पर दुल्हन पक्ष ने बारात का स्वागत किया और कार्यक्रम शुरू हुआ। द्वारचार के साथ शुरू हुई रस्मों में वरमाला, मांग भराई समेत अन्य कई रस्में पूरी हो चुकी थीं, सात फेरों के लिए दूल्हा-दुल्हन दोनों पक्ष तैयारी में जुटे थे, इसी बीच रात्रि करीब ढाई बजे दुल्हन अचानक बेहोश हो गई, दुल्हन के बेहोश होते ही घर में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में परिजन दुल्हन को गांव स्थित एक निजी डॉक्टर के पास ले गए। डॉक्टर ने जांच पड़ताल कर दुल्हन की ह्रदय गति रूक जाने से उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद दोनों परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। शादी समारोह में मौजूद रिश्तेदारों और दूल्हा पक्ष के लोगों की आपसी सहमति पर मृतका की छोटी बहन को दुल्हन बनाया गया और दूल्हे के साथ उसकी शादी की गई। हालांकि इस दौरान मृतक दुल्हन का शव घर के एक कमरे में रखा गया। विदाई के बाद अन्तिम संस्कार कराया गया।
बारात निकलने से पहले दूल्हा हुआ पॉजिटिव
हमीरपुर जिले के एक क्वारंटीन सेंटर में एक दूल्हा कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। घटना सिसोलर थाना क्षेत्र के बच्को गांव में हुई जहां धर्मेंद्र की बारात असगहा तमौरा गांव में दुल्हन के घर के लिए निकलने वाली थी। जैसे ही बारात निकल रही थी, दूल्हे की कोविड जांच रिपोर्ट आई और पता चला कि वह कोविड पॉजिटिव है। बारात को पुलिस टीम ने रोका और दूल्हे को जिले के क्वारंटीन सेंटर ले जाया गया। मौदाहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉक्टर अनिल सचान ने कहा, दूल्हे को क्वारंटीन सेंटर में भर्ती कराया गया था और उसकी हालत स्थिर है। परिवार के सदस्यों ने कहा कि धर्मेंद्र के पूरी तरह ठीक हो जाने के बाद वे शादी को फिर से शेड्यूल करेंगे।