माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
बंगाल की खाड़ी से उठे यास चक्रवात का असर बुधवार को शहर में दिखाई दिया था। दोपहर में 10 मिनट तेज हवा के साथ बारिश से मौसम पूरी तरह बदल गया था। आज गर्मी के तेवर दिखाई दे रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार इन दिनों सूर्य की लंबवत किरणें सीधे पृथ्वी की ओर आ रही है जिसके चलते तेज गर्मी का अहसास हो रहा है। जून माह के प्रथम सप्ताह तक लोगों को गर्मी से राहत मिलना नामुमकिन दिखाई दे रहा है। इस बीच बुधवार-गुरुवार रात न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह हवा की गति 10 किलोमीटर प्रतिघंटा बनी हुई थी जिससे गर्म लपटों का अहसास हो रहा था। बुधवार को अधिकतम तापमान में 1 डिग्री की गिरावट आई थी। आज सुबह से जिस तरह सूर्य के तेवर दिखाई दे रहे हैं उससे प्रतीत हो रहा है कि तापमान 41 डिग्री को पार कर जाएगा। बुधवार को दोपहर बाद मौसम बदलने से माहौल खुशनुमा हो गया था। लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की थी।
रात को उमस से लोगों का बुरा हाल होने लगा था जो आज सुबह भी बना हुआ था। मौसम विभाग ने भीषण गर्मी के बीच एक बार फिर हल्की बूंदाबांदी की आशंका जताई है। ज्योतिषियों के अनुसार यह दिन नौतपा के हैं लेकिन मौसम विभाग इस बात से इत्तेफाक नहीं रखता है।