माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
धार्मिक नगरी के सप्त सागरों में शामिल विष्णु सागर संक्रमण काल में असामाजिक तत्वों का अड्डा बन चुका है। जिसकी शिकायत पूर्व निगम अध्यक्ष ने आवेदन के माध्यम से जीवाजी गंज थाने पर दर्ज कराई है।
विष्णु सागर धार्मिक आस्था का पर्यटन स्थल है। जिसके आसपास पिछले कई दिनों से असामाजिक तत्वों का जमघट दिखाई दे रहा है। विष्णु सागर का स्वरूप भी ऐसे लोगों की वजह से बिगड़ता नजर आ रहा है। बदमाश प्रवृत्ति के युवक यहां दिन रात शराब गांजा चरस का सेवन करते देखे जा सकते हैं। नशे की हालत में असामाजिक तत्व सौंदर्य करण के लिए लगाए गए संसाधनों को भी क्षतिग्रस्त कर रहे हैं। विष्णु सागर में बड़े स्तर पर रंग बिरंगी मछलियां भी है जिसका रात्रि के समय शिकार किया जा रहा है। असामाजिक तत्वों द्वारा विष्णु सागर की सौंदर्यता को भी बिगाड़ा जा रहा है। वहां बोटिंग के लिए रखी नावों को भी क्षतिग्रस्त करके नुकसान पहुंचाया जा रहा है। असामाजिक तत्वों का डेरा विष्णु सागर पर देर रात तक बना रहता है। वहीं जब कोरोना से पूर्व उद्यान चालू था तब यहां मनचलों की भीड़ जमी रहती थी। नगर निगम के पूर्व अध्यक्ष सोनू गहलोत ने असामाजिक तत्वों को संरक्षण देने वाले की जानकारी भी जीवाजी गंज थाना पुलिस को शिकायती आवेदन में दी है। उन्होंने संरक्षण देने वाले और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।