कपड़े की दुकान पर करता था काम, देर रात बाइक पर सवार होकर निकला घर जाने के लिए
माटी की महिमा न्यूज /उज्जैन
काम पर गया युवक देर रात तक नहीं लौटा तो परिजन उसकी तलाश में घर से निकल गए। देर रात खेत पर जाकर देखा तो युवक रस्सी के फंदे पर लटका हुआ था। परिजन उसे उतारकर जिला अस्पताल लाए।
बताया जा रहा है कि ग्राम साहेब खेड़ी थाना घट्टिया क्षेत्र में रहने वाला ईश्वर पिता मांगू सिंह पवार 27 वर्ष गोपाल मंदिर क्षेत्र में कपड़े की दुकान पर काम करता था। शनिवार शाम 6 बजे वह दुकान से घर जाने के लिए बाइक से निकला था। रात 11 बजे तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजन उसकी तलाश में निकले। दुकान संचालक से जानकारी ली लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। ईश्वर शराब का सेवन भी करता था और कई बार खेत पर जाकर सो जाता था। इसी इसी शंका के चलते परिजन खेत पर पहुंचे तो उसे आम के पेड़ से रस्सी के फंदे पर लटका पाया। जिसे देर रात फंदे से उतारकर जिला अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पुलिस चौकी में मामले की सूचना घट्टिया थाना पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि ईश्वर की बाइक में एक रस्सी हमेशा रखी रहती थी। उज्जैन से गांव लौटते समय वह मवेशियों के लिए चारा बांध कर ले जाता था। उसी रस्सी से उसने फांसी लगाई। मृतक विवाहित था उसकी एक संतान है। फिलहाल आत्महत्या का कारण सामने नहीं आ पाया है।